Tuesday, 24 August 2021

कविता का आना - 25.08.21

कविता का आना - 25.08.21
-----------------------------------------------
कविता है कि फुर्सत के पल में आती नहीं
जब- जब किसी कामों में रहता हूं एकदम व्यस्त
जब - जब होता हूं दुखी या एकदम बेचैन
या फिर किसी पार्टी में मस्ती में डूबा हुआ
खुशी से नाच रहा होता हूं
या किसी अनिवार्य दैनिक क्रियाओं में लगा होता हूं
मसलन नहाते हुए खाते हुए
रास्ते में कहीं जाते हुए गाड़ी चलाते हुए
या फिर गहरी रात में नींद के बीच
अचानक आ धमकती है कविता

कविता का आना भी गज़ब है
वह कभी मेरी सहूलियतों में नहीं आती
जब आराम से बैठा होता हूं एकदम खाली

सहूलियतों में लिखी गईं सारी बातें
केवल शाब्दिक ताने बाने लगती है
वो कुछ और भले हो जाए
पर कविता हरगीज नहीं होती

हां ये अजीब तो है 
कि अक्सर बेचैनियों में ही आती है कविता
और हम हैं कि 
कविता लिखने के लिए वक्त ढूंढते रहते हैं
सोचते रहते हैं कि 
 कोई फुर्सत का पल मिले और कविता लिख लें।

-- नरेंद्र कुमार कुलमित्र
    9755852479

Thursday, 19 August 2021

चुनौती- 23.07.21

चुनौती- 23.07.21
-----------------------------------
आप नहीं जानते
कि आपको कौन-कौन देख रहा है ?
आपको कौन-कौन सुन रहा है ?

ऐसे में
बिना देखे
अनदेखा करना
और
बिना सुने
अनसुना करना

आपके लिए सबसे बडी चुनौती है।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
   9755852479

लोकतंत्र कायम है ! 30.07.21

लोकतंत्र कायम है !  30.07.21
----------------------------------------
आप निश्चिंत रहिए
अब औपनिवेशिक  ताक़त ख़त्म हो चुकी है
आप पर कोई बाहरी हमला नहीं होगा

आप गरीबी बेकारी भूख और महंगाई की मार से
सुरक्षित मारे जावोगे

अब देश में लोकतंत्र क़ायम है।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
    9755852479

दानिश सिद्दीकी - 17.07.21

(भारतीय पत्रकार एवं फ़ोटो जर्नलिस्ट दानिश सिद्दीकी की हत्या के बाद )

दानिश सिद्दीकी - 17.07.21
--------------------------------------------------
दानिश तुम एक सच्चे पत्रकार थे
तुम उत्तम पत्रकारिता के लिए
बेपरवाह होकर अपनी जान जोख़िम में डालते रहे

तुमने अपनी मेहनत और जुनून से
ख़ूब नाम कमाया शोहरत हासिल की

तुमने अपने काम से
केवल पुलित्जर ही नहीं जीता
करोड़ों भारतीय दिलों को भी जीत लिया

अंतिम साँस तक अपने काम में डटे हुए
आखिरकार तुम अपने प्राण त्याग दिए

पत्रकारों को ही नहीं 
अनगिनत तुम्हारे चाहने वालों को भी फ़क्र है
तुम्हारे जज़्बे और जुनून पर

तालिबानी आतंक को कैमरे में कैद करते हुए
ख़ुद हमेशा के लिए कैमरे में कैद हो गए

अपने हाथों पर कैमरा थामे हुए
खतरनाक मोर्चों पर खुद को डालकर
कभी रोहङ्ग्या मुसलमानों का सच
कभी मोसुल की जंग कभी नेपाल का भूकंप
कभी दिल्ली के दंगे तो कभी कोरोना का कहर
बेख़ौफ़ होकर अपने कैमरे में सहेजते रहे

सारी दुनियाँ के सामने
पर्दे के पीछे का सच लाते रहे

सचमुच तुम्हारी खींची तस्वीरों में
ख़बरें बोलती थीं

पत्रकारिता ही तुम्हारा मज़हब था
तुम अपने मज़हब के लिए कुर्बान हो गए

तुम खबरों को कैप्चर करते करते
ख़ुद एक ख़बर बन गए

सच्चे लेंस वारियर तुम्हें सलाम
सचमुच बड़ा दुःखद है
ख़बरों की दुनियाँ से 
तुम्हारे चले जाने का यह ख़बर।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
    9755852479

कार्यकर्ता -01.07.21

कार्यकर्ता -01.07.21
---------------------------
सब देखने के बाद 
बोलेंगे कि
नहीं देखे हैं

सब बोलने के बाद 
फिर बोलेंगे कि
नहीं बोले हैं

हम सब कुछ अनसुना कर देंगे
उतना ही सुनेंगे
जितना कि सुनने कहा जाएगा

हालांकि देखेंगे हम
बोलेंगे हम
सुनेंगे हम

पर 
देखना बोलना सुनना
कुछ भी हमारा नहीं होगा।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
    9755852479

अंगूठा देखती पीढ़ियां- 28.06.21

अंगूठा देखती पीढ़ियां- 28.06.21
-------------------------------------------
अक़्सर गहरी साज़िश के साथ
होती हैं भावनात्मक अपीलें

उनके क्रूर चालों में फँसकर
उन पर लुटाते रहे हैं
अपनी सारी काबिलियत और सारे अधिकार

गुरूभक्ति के नाम पर
अँधेरे में ढकेले जाते रहे हैं
अनगिनत एकलव्य और उनके भविष्य

एकलव्यों ज़रा समझो
जिन्हें गुरूदक्षिणा के नाम पर
कभी अपना अंगूठा दे दिए थे
वही तुम्हारी पीढ़ियों को 
अपना अंगूठा दिखाते आ रहे हैं।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
    975585249

ये कैसी हवा है ! 23.06.21

ये कैसी हवा है ! 23.06.21
-----------------------------------
हवा न बह रही है
न चल रही है
कील की तरह
कंठ पर अटक गई है

न जाने क्यों और कैसे..?
अचानक अपना रुख़ बदल ली है

जिंदगी देने वाली हवा
जिंदगी छीन रही है

अब तक हम भटके थे
अब हवा भी भटक गई है।

-- नरेन्द्र