Tuesday, 18 August 2026

गजल जरूरी है 20.06.23

​जो हो रहा है उसे देखना ज़रूरी है,

और देखे हुए को लिखना ज़रूरी है।

​खाली बैठे रहने से कुछ नहीं होगा,

ज़िंदगी में हुनर सीखना ज़रूरी है।

​पैसे खर्च कर लो जितना भी चाहे,

थोड़ा पानी बचाकर रखना ज़रूरी है।

​चाहे जितना उड़ लो आसमान पर,

फिर धरती की ओर देखना ज़रूरी है।

​प्रतिशोध में जुल्म तो ढाए ही जाएंगे,

फिर भी प्रतिरोध में लिखना ज़रूरी है।

ग़ज़ल सीख 20.06.23

ग़ज़ल

जैसे हो, वैसा रहना सीख,
दिल में है जो, उसे कहना सीख।

सुखों में तो सब जी लेते हैं,
दुखों को भी सहना सीख।

ताउम्र साथ नहीं देता कोई,
अकेले में भी रहना सीख।

ठीक नहीं है यूँ थम जाना,
नदी की तरह बहना सीख।

कहीं, कभी अनुचित लगे,
उसे दो टूक कहना सीख।

— नरेंद्र कुमार कुलमित्र

मोक्ष - 21.05.23

मोक्ष - 21.05.23

ऐसा मुझसे कभी नहीं होता
कि कोई मुझसे अप्रसन्न रहे और मैं खुश रहूँ।
किसी की अप्रसन्नता का कारण बनकर
बुरी तरह विचलित हो जाता हूँ।
मुझे बिल्कुल भी सामान्य नहीं रहने देता
मेरे मन में उपजा आत्मग्लानि का भाव।
खुद को धिक्कारता हूँ बार-बार,
कहता हूँ—क्षमा माँग लो;
पर रोड़े की तरह मेरा अहं
बीच रास्ते में खड़ा हो जाता है।
पर मेरे प्रेम की ऊष्मा से न पिघल सके,
इतना कठोर कभी नहीं रहा मेरा अहं।
अहं का टूटना...
फिर क्षमा माँगना...
और प्रेम में डूब जाना...
मोक्ष की प्राप्ति-सा लगता है।

-- नरेंद्र कुमार कुलमित्र
9755852479

तुम्हारे साथ सत्रह साल.. 06.0623

1. तुम्हारे साथ सत्रह साल.. 06.0623
-------------------------------------------------
मैं टूटने लगता हूं 
तुम टूटने नहीं देती 
मैं बिखरने लगता हूं 
तुम बिखरने नहीं देती
लगता है तुम मुझे जोड़ने और संवारने ही आई हो
तुम लड़खड़ाती हो मैं..थाम लेता हूं
मैं लडखड़ाता हूं तुम संभाल लेती हो 
मेरे हिस्से का अंधेरा तुम ले लेती हो
अपने हिस्से का उजाला तुम दे देती हो
कभी तुम मुझे फटकारती हो 
कभी मैं तुम्हें फटकारता हूं
यूं एक दूसरे को फटकारने से झड़ जाती है 
हमारी जिंदगी में चिपकी हुई धूल
प्यार में हम झगड़ते हैं 
प्यार के लिए हम लड़ते हैं 
कभी निराश होकर डूब-डूब सा जाता हूं
तुम मेरी बांहें पकड़ ऊबार लेती हो
हमने साथ क्या खोया पता नहीं
पर पाया है हमने सब कुछ जो भी हमने सोचा...
तुम बस यूं संग-संग साथ चलते रहना
झगड़ना लड़ना मगर साथ रहना
हम यूं ही बढ़ेंगे आगे
नई कहानी गढ़ेंगे आगे...।

2.तुम्हें कैसे व्यक्त करूं...
--------------------------------+
जिंदगी जो मैंने कभी परिभाषा में पढ़ी थी
तुमसे मिलने के बाद 
मैंने असल मायने में जिंदगी को जीना सिखा

कहते हैं प्रेम की गहराई में 
उथली औपचारिकताएं नहीं रह जाती
नहीं रह जाते मैं और तुम का भेद
देह और आत्मा की भाषा एकाकार हो जाती है

सुख दुख की बातें कर लेती हैं सचेतन इंद्रियां
सांसों से पता चल जाता है मन की बात
प्रेम अभिव्यक्ति के लिए निरर्थक लगते हैं सारे शब्द
प्रेम की उस गहराई में केवल अव्यक्त सचाई पलती है

तुम ही कहो प्रेम को शब्दों में कैसे कहूं
पता नहीं कितना व्यक्त कर पाऊंगा शब्दों से अपना प्रेम
फिर भी लिखता हूं तुम्हारे प्रेम में कविता
कहना चाहता हूं
पर कभी पूरी नहीं होती...
हमेशा अधूरी होती है प्रेम की कविता

--- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र

वक्त 24.04.26

वक्त
बड़ा बेरहम होता है वक्त,
चाहो थोड़ा ठहर जाए,
तो ठहरता ही नहीं,
बड़ी जल्दी गुज़र जाता है...
और जब चाहो
जल्दी गुज़र जाए ये वक्त,
तो ठहर-सा जाता है बेरहम,
जाने क्यों गुज़रता ही नहीं...?
— नरेंद्र कुमार कुलमित्र

जन्मदिन की बधाई - 18.04.23 (लघुकथा)

जन्मदिन की बधाई - 18.04.23
(लघुकथा)
अड़सठ साल का सूरज अपनी उम्र के इस पड़ाव पर लगभग अकेला पड़ चुका था। जीवन भर साथ देने का वादा करने वाली उसकी अर्धांगिनी दो साल पहले ही इस दुनिया से विदा हो गई थी। आज सुबह-सुबह समाचार-पत्र पढ़ते हुए उसके मन में थोड़ी उदासी थी, तो थोड़ी प्रसन्नता भी। चार अक्टूबर की तारीख ने उसे अतीत की गलियों में पहुँचा दिया।
यादों में डूबा सूरज सोच रहा था कि पढ़ाई के दिनों में और फिर अपने अध्यापकीय जीवन में चार अक्टूबर का दिन आते ही वह कितना खुश हो जाया करता था। घर-परिवार के लोग, दोस्त-यार और सहकर्मी उसे गले लगाकर जन्मदिन की बधाई देते थे। रेस्टोरेंट में प्रेमिका मिलती, ‘आई लव यू’ कहती, प्यार से चूमती और कोई खूबसूरत-सा उपहार थमा देती। ‘हैप्पी बर्थडे’ लिखी सजावटी सामग्रियों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से कमरा सजा दिया जाता। ‘हैप्पी बर्थडे’ गीत पर पत्नी और बच्चे मिलकर नाचते। दीपक जलाकर आरती उतारी जाती, माथे पर रोली लगाई जाती और बड़े उत्साह के साथ केक काटा जाता।
ऐसे मौकों पर दोस्त भी अपनी वाली पार्टी लेने से कहाँ चूकते थे! उन्हें तो नॉनवेज खाने के साथ व्हिस्की, रम या बीयर चाहिए होती थी। उन दिनों सबको उसका जन्मदिन याद रहता था। लेकिन आज... आज उसे जन्मदिन पर याद करने वाला कोई नहीं था।
उसे आज उस सच की साक्षात अनुभूति हो रही थी—उगते हुए सूरज को सब प्रणाम करते हैं, डूबते हुए सूरज को कोई नहीं।
रात के दस बज चुके थे। खिन्न मन से सूरज सोने की तैयारी कर ही रहा था कि तभी उसके मोबाइल की घंटी बजी। अनजान नंबर था। उसने फोन उठाया।
“हम एलआईसी से बोल रहे हैं, सूरज जी। आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई!”
कुछ क्षणों के लिए सूरज जैसे स्तब्ध रह गया। फिर उसके उदास चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान खिल उठी।
शायद आज पहली बार उसे यह एहसास हुआ कि याद करने के लिए रिश्ते ही जरूरी नहीं होते, कभी-कभी एक अनजान आवाज भी अकेलेपन की दीवार में छोटी-सी खिड़की खोल देती है।

--नरेंद्र कुमार कुलमित्र
9755852479

निजता - 30.03.23

निजता - 30.03.23

हमें निजता नहीं खोनी चाहिए,
खोनी चाहिए हमें अपनी नीचता।
मगर जिसकी निजता में ही नीचता हो,
उसे अपनी निजता खो देनी चाहिए...

-- नरेंद्र कुमार कुलमित्र

‘नीलमणि’ : विज्ञान, अध्यात्म, प्रेम, प्रकृति और अंतर्द्वंद्व की कविताएँ 26.03.23

‘नीलमणि’ : विज्ञान, अध्यात्म, प्रेम, प्रकृति और अंतर्द्वंद्व की कविताएँ
‘नीलमणि’ नीरज मनजीत का तीसरा काव्य-संग्रह है। इससे पहले उनके दो काव्य-संग्रह—‘कविता खिलती है’ एवं ‘ग्लेशियर’—प्रकाशित हो चुके हैं। इस संग्रह में कुल 100 कविताएँ संकलित हैं, जिन्हें पाँच भागों में विभाजित किया गया है। पहला भाग ‘अध्यात्म और प्रेम’, दूसरा ‘विज्ञान और प्रेम’, तीसरा ‘प्रेम और प्रकृति’, चौथा ‘अंतर्द्वंद्व और कोविड काल में कविता’ तथा पाँचवाँ ‘कुछ और कविताएँ’ है। इन पाँचों भागों में क्रमशः 18, 17, 35, 18 और 12 कविताएँ संकलित हैं। संग्रह के तीसरे भाग ‘प्रेम और प्रकृति’ में सर्वाधिक 35 कविताएँ हैं।
कविता-संग्रह की अधिकांश कविताएँ प्रेम से आप्लावित हैं। संग्रह के प्रारंभिक तीन भागों के शीर्षकों में ‘प्रेम’ शब्द का प्रयोग हुआ है। सच भी है कि अध्यात्म, विज्ञान और प्रकृति प्रेम के बिना अधूरे हैं। तीनों की सार्थकता उनमें निहित प्रेम से ही है। प्रेम जीवन का अनिवार्य अंग है। बिना प्रेम के जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। अथवा यूँ कहें तो अतिशयोक्ति नहीं होगी कि जीवन है तो प्रेम है और प्रेम है तो जीवन है।
इस काव्य-संग्रह की अधिकांश कविताएँ विज्ञान-प्रेरित हैं। कवि अध्यात्म, प्रेम, प्रकृति और हमारे भीतर चल रहे अंतर्द्वंद्व को विज्ञान से जोड़ते हैं। आज हमारा पूरा जीवन और पूरा परिवेश विज्ञानमय है। वैज्ञानिक शोधों और आविष्कारों का हमारे जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ा है। ऐसे में वैज्ञानिक सोच रखने वाला दूरदृष्टा कवि भला विज्ञान से कैसे अछूता रह सकता है। इस संग्रह की अधिकांश कविताओं में वैज्ञानिक शब्दावलियों की भरमार दिखाई देती है। उनकी कविताओं में गैलेक्सी, ब्लैक होल, ब्रह्मांड, सूर्य, चंद्रमा, नक्षत्र, क्वांटम भौतिकी, आइंस्टाइन, सापेक्षता का सिद्धांत, स्ट्रिंग पार्टिकल, ग्रेविटेशनल पार्टिकल, हिग्स बोसोन, आकाशगंगा, अंतरिक्ष, डार्क मैटर, यूनिवर्स, प्लेनेट, गुरुत्वाकर्षण, कॉस्मिक सिविलाइजेशन, स्पेस, कॉस्मिक आवरण, तारामंडल, एलियन, ग्रह, निर्वात, प्रकाशवर्ष, इवोल्यूशन, निहारिका, सितारे, इवेंट होराइजन जैसे शब्दों का प्रयोग स्वाभाविक रूप से हुआ है। प्रकृति और अंतरिक्ष की दुनिया जितनी रहस्यों से भरी हुई है, उतना ही रहस्यमय प्रेम है और उतनी ही रहस्यमय मानवीय व्यवहार की दुनिया भी। कवि समस्त मानवीय व्यवहारों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखते हैं। हम कह सकते हैं कि उनकी कविताओं में गहरा विज्ञान है या फिर पूरा विज्ञान ही कविताओं में ढल गया है। इस संग्रह में ऐसी बहुत-सी कविताएँ हैं, जिनमें वैज्ञानिक परिकल्पना कवि-कल्पना में समाहित हो गई है। ‘किसी दिन’ कविता में ऐसे नए आयाम की परिकल्पना की गई है, जहाँ हमारी गति, हमारा दिमाग, यहाँ तक कि चौपायों की दुनिया भी आमूलचूल रूप से बदलकर एक नई और विस्तारित दुनिया का रूप ले लेगी।
15वीं-16वीं शताब्दी में अंधधार्मिकता का एक दौर था। एक बार फिर 21वीं सदी के इस दौर में हम उसी अंधधार्मिकता को अपनी आँखों से देख रहे हैं। जिस अंधधार्मिकता का विरोध कबीर ने किया था, बिल्कुल वैसे ही कर्मकांडों, धार्मिक उत्सवों एवं जुलूसों का दौर फिर शुरू हो गया है। पीड़ित-शोषित जनों की सेवा को नारायण-सेवा माना जाता है, मगर आज की अंधधार्मिकता ने नर-सेवा को दरकिनार कर दिया है। कवि की पहली कविता ‘क्षमा करना देव’ में ‘नर-सेवा ही नारायण-सेवा है’ का भाव प्रस्फुटित हुआ है—“.....रक्तरंजित उस युवक को/औषधालय तक ले जाने में ही/लगा रहा देव/आतंकियों ने जिसे/संगीनों से बींध दिया था/मुझे क्षमा करना/तुम्हारी जय करते/भक्तों के जुलूस के साथ/मैं तुम तक नहीं पहुँच सका......”
‘राग आशा’ शीर्षक की कविता जीवन में आशा का नया राग उत्पन्न करने वाली कविता है। दरअसल, इस दुनिया में अंधकार और निराशा जैसी कोई बात ही नहीं होती। उजाले का न होना अंधकार है और आशा का न होना ही निराशा है। कुदरती चीजों को देखकर हमारे भीतर आशा का संचार होता है—“......पौधों पर खिलते फूल/वृक्षों पर पकते फल/पक्षियों की उड़ान/नदी का प्रवाह/तितली का उड़ना/भ्रमर का गुंजन/बच्चे की किलकारी/माँ का ममत्व/आशा के स्रोत ही तो हैं.....”
प्रत्येक व्यक्ति के भीतर एक आग होती है। भीतर की आग असीम सामर्थ्य और शक्ति की प्रतीक होती है। दरअसल, यही भीतर की आग है, जो किसी भी असंभव कार्य को संभव बनाने की क्षमता रखती है। यदि हम इस आग का प्रयोग न करें तो समय के साथ वह ठंडी पड़ जाती है। कवि की ‘अग्नि जिव्हा’ कविता हमें अपने भीतर की आग का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करती है—“....इसके पहले कि तुम्हारे भीतर/आग ठंडी पड़ जाए/उसे बाहर ले आओ/और उसे वहाँ भी ले जाओ/जहाँ आग की जरूरत है!....”
केवल जय और पराजय के भाव से जीने में जिंदगी, जिंदगी नहीं रह जाती, बल्कि प्रतिस्पर्धा बन जाती है। सतत प्रवाहमान नदी हमें जय-पराजय के भाव से परे होकर जीना सिखाती है—“....विजयी नहीं होती नदी/पराजित नहीं होती/केवल प्रवाहित होती है नदी।...”
जीवन, मृत्यु और उसके रहस्य को लेकर लेखकों, कवियों और दार्शनिकों में चिंतन होता रहा है। वैज्ञानिक यह मानने लगे हैं कि इस संसार से परे अनेक संसार और अनेक ब्रह्मांड भी हो सकते हैं। पुराना ब्रह्मांड ब्लैक होल में समा जाता है और फिर एक नया ब्रह्मांड आकार लेता है। इसी तरह हमारे जीवन का अनिवार्य सत्य मृत्यु भी नए जीवन का द्वार हो सकती है। हमें मृत्यु को सहज और सकारात्मक रूप में स्वीकार करना चाहिए। कवि की ‘नई जिंदगी’ कविता इसी बात की तस्दीक करती है—“.....संभवतः हर ब्लैक होल/प्रकृति का सर्वाधिक खतरनाक द्वार है/दूसरे किसी ब्रह्मांड में जाने का/जिस तरह मृत्यु एक द्वार है/नई जिंदगी के लिए!.....”
हम देखते हैं कि तथाकथित प्रबुद्धजन वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था के गिरते स्तर पर तंज कसते रहते हैं। जाति-धर्म, ऊँच-नीच का भेदभाव फैलाने वाले राजनीतिज्ञों को कोसते हैं। मगर स्वयं को समदृष्टि-संपन्न मानने वाले तथाकथित प्रबुद्धजन भी वामपंथ और दक्षिणपंथ में बँटे हुए हैं। अगर यह धरती सियासतदानों से संभल नहीं रही है, तो तथाकथित प्रबुद्धजनों में भी यह कुव्वत कहाँ है? कवि ने अपनी कविता ‘अनुत्तरित’ में तथाकथित प्रबुद्धजनों पर तीखा प्रहार किया है।
जिस तरह हमारे जीवन में खट्टे-मीठे पल आते हैं, वैसे ही कविताओं में शब्द आते हैं। कविताओं के शब्द चुभते हैं तो सहलाते भी हैं। फूल खिलता है और अपने सौंदर्य से हमें आनंदित कर देता है, पर फूल के खिलने और कविता के खिलने में अंतर है। फूल किसी खास मौसम में खिलता है, कविता हर मौसम में खिलती है। फूलों का सौंदर्य और महक सीमित है, जबकि कविता का सौंदर्य और उसकी महक असीमित है। कविता एक बार खिलती है और फिर सदा-सदा के लिए खिली रहती है। ‘कविता खिलती है’ कविता में कविता के महत्त्व को बिंबात्मक रूप में चित्रित किया गया है।
फेसबुक, व्हाट्सऐप और तमाम तरह के सोशल मीडिया की गिरफ्त में हमारी नई पीढ़ी किताबों से दूर होती जा रही है। इधर लोगों में किताबें पढ़ने की रुचि घटती जा रही है। रुचि घटने के साथ-साथ लोग इतने व्यस्त हो गए हैं कि वे किताबें पढ़ने के लिए वक्त नहीं निकाल पाते। उपभोक्तावाद, बाजारवाद और वैश्वीकरण ने लोगों की पढ़ने की आदत को प्रभावित किया है। हम भौतिकता के दबाव से उबर नहीं पा रहे हैं। किताबें पढ़ना और बौद्धिक-मानसिक संतुष्टि प्राप्त करना पिछड़ेपन की निशानी समझी जा रही है। ऐसे हालात में किताबों की दुनिया को सुरक्षित रखना तथा नई पीढ़ी में किताबें पढ़ने का संस्कार डालना बेहद जरूरी हो गया है। ‘किताबें’ कविता किताबों को लेकर उम्मीद बँधाती है। कवि आशावान हैं। वे लिखते हैं—“....तब भी किताबें/हमारे पास होंगी।...”
संग्रह के तीसरे खंड में ‘प्रेम और प्रकृति’ की कविताएँ संग्रहीत हैं। काव्य-संग्रह का नाम ‘नीलमणि’ कविता पर रखा गया है। यह इस खंड की पहली कविता है। ‘नीलमणि’ प्रकृति की कविता है, जिसमें दृश्य-बिंबों एवं रूपकों का सुंदर प्रयोग किया गया है। समुद्र प्रकृति के अंतर्मन का रूपक है। मगर मन की गहराई समुद्र की गहराई से कहीं अधिक होती है। कवि लिखते हैं—“.....एक अंतर्मन में डूबे/कई-कई मन..।” प्रकृति सचमुच रहस्यमयी होती है। अपना रहस्य स्वयं प्रकृति ही जानती है। प्रकृति का रहस्य समझने की क्षमता किसी में नहीं है, मगर एक सच्चा कवि प्रकृति के सौंदर्य में डूबकर उसका आनंद ले सकता है—“तुम किसी और को जानने देना नहीं चाहती/केवल मैं ही तो डूब पाता हूँ/इन पर्वतों, इन घाटियों में!”
कवि में गहरा पर्यावरणीय बोध है। खूबसूरत हरी-भरी धरती से पेड़ दिन-ब-दिन कम होते जा रहे हैं। पेड़, प्रकृति और धरती की चिंता कवि की चिंता में समाहित है। ‘वृक्ष-विहीन’ कविता में वे कहते हैं—“......क्या ही अच्छा होता कि/प्रकृति ने/वृक्षों को पाँव दे दिए होते/कम से कम वे/उस इलाके से/भाग तो खड़े होते/जहाँ बिजली की आरियाँ लिए लोग/उन्हें क़त्ल करने/आमादा रहते हैं।”
कवि अपनी कल्पना के सहारे कभी विगत की बात करते हैं तो कभी आगत की, किंतु वे अपने परिवेश और वर्तमान को कभी नहीं भूलते। वे अपनी युगीन परिस्थितियों के केवल मूकदर्शक नहीं होते, बल्कि उन्हें रचते भी हैं। कोविड काल की विषम परिस्थितियों को ‘सुरंग’ कविता में अभिव्यक्त करते हुए कवि लिखते हैं—“......माना कि अंधकार गहन है/रात भारी और/सुरंग लंबी है/पर डरो मत/धीरे-धीरे आगे बढ़ते चलो/मुहाने की ओर/तुम देखोगे कि/रोशन हो रही है सुरंग/और खुली दुनिया की ओर जाने वाला रास्ता/खुल रहा है.....।” ऐसे ही कवि अपने समय के विरोधाभास पर कविता की भाषा में टिप्पणी करते हैं। युद्ध से कभी शांति स्थापित नहीं हो सकती, मगर—“....अमन के वास्ते/जंगें जारी हैं....”
कवि की अधिकांश कविताओं में प्रयोगवादी कवियों की तरह नवीन कल्पना, नवीन भाव-उद्भावना और नवीन शिल्प-प्रयोग देखने को मिलते हैं। ‘पियानो के की-बोर्ड पर उतरते शब्द’ कविता में बिंबों की छटा अद्भुत है—“....रिमझिम बारिश के टुकड़े/तितलियों के कुछ रंगीन उड़ते पंख/गेंदे की कुछ केसरिया-पीली पंखुड़ियाँ/मीठे नीम की कुछ हरी पत्तियाँ/सलेटी रात की कुछ रेशमी कतरनें/तारों की नदी से छलकती कुछ चमकीली नीली बूँदें/पूर्णमासी के चंद्रमा से गिरती कुछ रजत डोरियाँ....।”
नवीन शब्दों का प्रयोग करने में कवि इतने माहिर हैं कि कोई भी सुधी पाठक उनके शब्दों की नवीनता, उनकी महीन बुनावट और यथोचित प्रयोग से चमत्कृत हुए बिना नहीं रह सकता। ‘गुमसुम-सी शाम’, ‘आह्लादक पुलक नर्तन’, ‘निस्सीम निर्विकल्प नीलगगन’, ‘उद्दाम आँधियाँ’ जैसे विशेषणात्मक शब्दों का प्रयोग करने में कवि सिद्धहस्त हैं।
रंगों का हमारे जीवन पर गहरा प्रभाव होता है। प्रकृति इतनी खूबसूरत इसीलिए लगती है, क्योंकि वह रंग-बिरंगी है। संग्रह की कविताओं को पढ़ने से पता चलता है कि कवि को रंगों से विशेष लगाव है। वे अपनी कविताओं में रंगों का प्रयोग बार-बार करते हैं। सफेद, नीला, हरा, काला, लाल, गेरुआ, सलेटी आदि रंगों का प्रयोग विशेष तौर पर किया गया है। प्रकृति-चित्रण की कविताओं में सलेटी रंग का प्रयोग सबसे अधिक बार हुआ है।
कवि बड़ी ही महीन दृष्टि से प्रकृति-चित्रण करते हैं। उनके प्रकृति-चित्रण में प्रकृति के सारे उपादान अनायास आ जाते हैं। उनकी कविताओं में धरती, अंतरिक्ष और समुद्र का सौंदर्य-चित्रण देखते ही बनता है। उनमें नदी, पहाड़, झरना जैसे अनेक दृश्यों को बिंबात्मक रूप में शब्दों में बाँधने की अद्भुत क्षमता है। उनके दृश्य-चित्रण में पूरा परिदृश्य पाठक के मानस-पटल पर प्रत्यक्ष हो जाता है। कवि दृश्य-बिंब का प्रयोग करने में पारंगत हैं। शब्दों के माध्यम से किसी भी दृश्य को जीवंत और साकार कर देने में कवि दक्ष हैं। उनकी अधिकांश कविताओं में दृश्य-बिंब का प्रयोग देखा जा सकता है। ‘अरुणोदय’ कविता में प्रातःकालीन बेला का अत्यंत आकर्षक चित्र खींचा गया है। इस कविता को पढ़ने से शमशेर बहादुर सिंह की ‘उषा’ कविता अनायास याद आ जाती है—“क्षितिज तक/नीला जल/अरुणोदय की/पीली, गुलाबी, सुनहली सूर्य-किरणों से/चमचमाता—/सृष्टि की/नीली आँखों में/प्रसन्नता की चमक/पलकें बंद मत करना/टूटे न कहीं/ये करिश्मा....।”
कवि रूपकों का प्रयोग करने में भी माहिर हैं। ‘रेशमा’ कविता में रेशमा नाम की लड़की के चित्रांकन में सुंदर रूपकों का प्रयोग किया गया है। ओस की एक बूँद, पीले पंखों वाली तितली, चंद्रकिरण, एक प्रेम-कविता, एक फाख्ता जैसे रूपकों के प्रयोग से रेशमा की मुखाकृति दृश्य-बिंब के सहारे साकार हो उठती है। कवि घूमने-फिरने के शौकीन रहे हैं। वे देश-विदेश के अनेक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं। उन्होंने फ्रांस, बेल्जियम, जर्मनी, ऑस्ट्रिया, स्विट्जरलैंड, इटली, वेटिकन सिटी, हांगकांग, मकाऊ आदि देशों की साहित्यिक यात्राएँ की हैं। एक चेतस रचनाकार अपनी यात्रा के अनुभवों से अप्रभावित नहीं रह सकता। इस काव्य-संग्रह में ऐसी कई कविताएँ हैं, जिनकी पृष्ठभूमि उनकी विदेश-यात्राओं पर आधारित है। ‘काँच का समुद्र’ एक ऐसी ही कविता है, जिसे कवि ने अपनी मॉरीशस यात्रा के दौरान पारदर्शी समुद्र की खूबसूरती से प्रभावित होकर लिखा था। कविता में रूपक और दृश्य-बिंब का प्रयोग देखते ही बनता है—“समुद्र में पानी नहीं था/प्रकृति ने/नीला-हरा शीशा पिघलाकर/समुद्र में डाल दिया था/पहली बार देखा/काँच का समुद्र!”
इस तरह उनकी कविताओं में गहरा जीवन-राग, अस्मिता-बोध, ज्ञान-विज्ञान, धर्म, अध्यात्म, प्रकृति, प्रेम एवं मानवीय संबंधों से उपजे अंतर्द्वंद्व व्याप्त हैं। रचनाकारों में वैयक्तिक भिन्नता के साथ-साथ रचनात्मक एवं शैलीगत भिन्नता भी देखी जाती है। मनजीत जी की कविताओं में कहन की जो शैली है, वह अपनी विशिष्टता के कारण आसानी से पहचानी जा सकती है। वैश्वीकरण के इस दौर में भाषाई उदारीकरण कवि की कविताओं में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। कवि अपनी कविताओं में जहाँ एक ओर संस्कृतनिष्ठ तत्सम शब्दों का प्रयोग करते हैं, वहीं दूसरी ओर उर्दू और अंग्रेजी के शब्दों का प्रयोग करने से भी नहीं हिचकते। भाषाई लचीलेपन के कारण ही उनकी कविताओं से भावबोध एवं सौंदर्यबोध सहजतापूर्वक ग्राह्य होता है। मेरा विश्वास है कि भाव-प्रेमी एवं सौंदर्य-प्रेमी पाठकों को उनकी कविताएँ निःसंदेह प्रभावित करेंगी।

कृति — ‘नीलमणि’ (कविता-संग्रह)
कवि — नीरज मनजीत
प्रकाशक — इंडिया नेट बुक्स प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली

समीक्षक -- नरेंद्र कुमार कुलमित्र
कवर्धा, छत्तीसगढ़
मो. 9755852479

हम बोलेंगे - 22. 02.23

हम बोलेंगे,
हर बार की तरह,
हर बार हम बोलेंगे...
हमारे खिलाफ साजिश होगी,
पर खिलाफत में
हम बोलेंगे...
जलने से पहले
आग की तरह बोलेंगे।
नफरतियों से
प्रेम में बोलेंगे।
सच के लिए,
हर झूठ के खिलाफ बोलेंगे।
जुबान काट दोगे,
तो आँखों से बोलेंगे,
मौन में बोलेंगे।
आँखें फोड़ दोगे,
तो स्पर्श से बोलेंगे।
अगर मार दोगे,
तो सपनों में बोलेंगे,
तुम्हारी स्मृतियों में बोलेंगे।
हर बार की तरह,
हम हर बार बोलेंगे...!!!
-- नरेंद्र कुमार कुलमित्र
9755852479

कहने और ना कहने के संबंध में - 11 03 23

हम जो कहते हैं
वही सुने जाते हैं,
उसी से अर्थ निकाले जाते हैं,
उसी से बात बनती है,
उसी से बखेड़े खड़े होते हैं।
यह जरूरी नहीं कि
हम जो कहते हैं,
उसका वही अर्थ निकाला जाए।
उसका वह अर्थ भी निकाला जा सकता है
जो हम बिल्कुल भी नहीं करना चाहते।
कई बार कहे जाने पर अफसोस होता है,
कई बार कहे जाने पर नाज़ होता है,
कई बार कहकर फँस जाते हैं,
कई बार कहकर फँसने से बच जाते हैं।
हम कई बार सोचते हैं,
मगर कह नहीं पाते।
कहे जाने पर क्या सोचा जाएगा,
यह सोचकर कहने से रह जाते हैं।
कई बार “जो होगा, देखा जाएगा” सोचकर
कह डालते हैं जो कहना होता है।
ऐसे में कई बार बन जाता है काम,
कई बार बुरी तरह बिगड़ जाता है काम।
कहते हैं कि कहने से पहले
सोचा जाना चाहिए,
पर सोचते-सोचते कई बार
कहा नहीं जाता।
कहे जाने के लिए यह जानना जरूरी होता है
कि कब कहा जाए,
कैसे कहा जाए
और कितना कहा जाए।
अलग-अलग समय में
दोनों ही खतरनाक होते हैं—
कहा जाना
और न कहा जाना।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
9755852479

बारिश


​बारिश तो देखी ही होगी आपने...
कभी रिमझिम, तो कभी मूसलाधार!
​मानसून की बारिश,
शीत की बारिश,
और बेमौसम बारिश...
​लगातार बारिश से नदियों में बाढ़ आ जाती है,
बह जाते हैं लोग, पेड़-पौधे, फसलें और घर-द्वार।
​पर क्या आपने देखी है किसी के भीतर की बारिश...?
​भीतर की बारिश से
सारा तन-मन भीग जाता है,
ढह जाती हैं अहम की दीवारें,
टूट-टूट कर बह जाती हैं बंदिशों की चट्टानें।
​मौसम विज्ञानी अनुमान लगा सकते हैं उस बारिश का,
पर इस बारिश का केवल अहसास ही होता है।
​यह बारिश है हर मौसम की,
यह सुहाती है रिमझिम भी, मूसलाधार भी...
​जितनी ज़रूरी होती है वह बारिश—
खेतों के लिए, पीने के लिए, जीने के लिए,
उतनी ही ज़रूरी है यह बारिश—
आदमी को 'आदमी' होने के लिए...!

​-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
02.03.23
9755852479

लोकन बुढ़िया

लोकन बुढ़िया
​स्कूल परिसर के ठीक सामने,
बरगद की छांव तले,
बेहद मैली सूती साड़ी पहने,
मुर्रा, ज्वार, जोंधरी के लड्डू
और इमली, बिही (अमरूद), बेर जैसे मौसमी फल बेचती...
वह लोकन बुढ़िया,
आज भी याद है मुझे।
​उस अकेली बुढ़िया को
हम स्कूल के सभी बच्चे जानते थे,
पर आश्चर्य तो यह था कि
उस बुढ़िया की धुंधली आंखें भी
हम सबको पहचानती थीं,
उसकी स्मृति में हम सबका नाम बसा था।
​हमारे पांच-दस पैसों की ख़रीद से
उसे कितना फ़ायदा होता था,
हम नहीं जानते थे;
पर वह रोज़ नियत समय पर
अपने ठीहे पर बैठी मिलती थी।
​अपार स्नेह और सहानुभूति से भरी
वह लोकन बुढ़िया,
भांप लेती थी हमारे चेहरों के भाव,
पढ़ लेती थी हमारी आंखों की भाषा।
​कभी हमारे पास पैसे न होने पर
वह भूल जाती थी—
अपना व्यावसायिक धर्म,
हमारी दी हुई गालियां,
और हमारा चिढ़ाना...
और यूं ही थमा देती थी खाने को लड्डू!

​-- नरेंद्र कुमार कुलमित्र
24.02.23
9755852479

शोकातुर लोग : जन सरोकार की कविताएँ 20.02.23

शोकातुर लोग : जन सरोकार की कविताएँ
कृति : शोकातुर लोग (कविता-संग्रह)
कवि : समयलाल विवेक
प्रकाशक : नोशन प्रेस, 2022

वरिष्ठ कवि एवं पत्रकार समयलाल विवेक का शोकातुर लोग सद्यः प्रकाशित काव्य-संग्रह है। यह उनका पहला काव्य-संग्रह है, जिसमें संकलित कविताओं में उनके सुदीर्घ जीवनानुभवों को महसूस किया जा सकता है। इस संग्रह में कुल पैंसठ कविताएँ सम्मिलित हैं। अधिकांश कविताएँ आकार में छोटी हैं, मगर उनकी भावभूमि अत्यंत गहरी है। उनकी कविताएँ जीवन से जुड़ी हैं, जिनमें जीवन के लगभग सभी रंग दिखाई देते हैं। उनकी कविताओं में प्रेम है, पीड़ा है, खीझ है और गहरा आक्रोश भी। तमाम प्रकार की भावनात्मक उथल-पुथल से भरी उनकी कविताओं में पलायन कहीं भी नहीं है। उनकी कविताएँ डटकर अपने और अपने लोगों की बात कहती नजर आती हैं। इस संग्रह में प्रकाशित कविताओं को हम उनके चालीस-पैंतालीस वर्षों के जीवनानुभवों का निचोड़ कह सकते हैं।
यह सच है कि कवि जितना सहृदय होता है, उतनी ही उसमें प्रतिरोध की क्षमता भी होती है। इसीलिए विवेक अपने लोगों पर कविता लिखते समय जितने भावुक नजर आते हैं, उतने ही शोषण-तंत्र पर लिखते हुए आक्रोशित और कठोर भी दिखाई देते हैं। कवि गहरे यथार्थ से जुड़े हुए हैं। वे अपनी कविताओं में कहीं भी हवा-हवाई बातें नहीं करते। अपने युग से संपृक्तता कवि का अनिवार्य गुण होती है। विवेक की कविताओं में युगबोध और लोकचेतना का भाव आद्यंत समाहित है। वे अपने आसपास से ही कविता के लिए उपादान ढूँढ़ लेते हैं। अपनी कविताओं के जरिए वे गाँव-गँवई, खेत-खलिहान, गरीब किसान और मजदूर आदि की बात करते हैं। यानी उनकी कविताएँ ग्रामीण संस्कृति और जनजीवन के पक्ष में खड़ी नजर आती हैं।
लोकधर्मिता का भाव उनकी कविताओं में यत्र-तत्र बिखरा हुआ है। यदि रचनाकार केवल निजी प्रेम या काल्पनिक बातों पर ही लिखता रहे तो उसके कवि-कर्म और लेखकीय धर्म पर सवाल उठना स्वाभाविक है। जब देश और दुनिया में दहकती हुई ज्वलंत घटनाएँ घट रही हों, ऐसे में कोई चेतस रचनाकार केवल और केवल स्व पर केंद्रित आत्ममुग्धता में कैसे जी सकता है? विवेक की कविताओं में लोक की पीड़ा स्व-पीड़ा बन जाती है। शोकातुर लोग इस काव्य-संग्रह की शीर्षक कविता है। इस कविता में मृत्यु के बहाने लोकजीवन में प्रचलित मृत्यु-संस्कार और उसके क्रिया-कर्म को बिंबात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है। लोक में मृतक के लिए ‘नहाऊर’ निकलने की परंपरा प्रचलित है। शोकग्रस्त परिजन कतारबद्ध होकर एक साथ नहाने जाते हैं और एक साथ लौटते हैं। नहाऊर की कतार को आते देखकर लोग रास्ता दे देते हैं और किनारे खड़े हो जाते हैं—
“खोर बहारतीं बेटियाँ
डेहरी लिपती बहुएँ और
धूल के घरौंदे बनाते नंग-धड़ंग बच्चे
सब ओट में हो
रास्ता छोड़ते गए नहाऊर के लिए।”
(पृ. 3)
इस कविता में धर्म और मृत्यु-संस्कार के नाम पर पंडों द्वारा किए जाने वाले लूट-खसोट तथा लोगों को मूर्ख बनाए जाने की रस्म पर भी व्यंग्य किया गया है—
“पहुंचते-पहुंचते बिलासपुर, कटनी या नैनी
पहचान लिया जाएगा वह और
लग जाएंगे उसके पीछे
रघुवीर, महावीर, जगन्नाथ और
जाने किस-किस नाम के पंडे के गुमाश्ते।
उसके आजा, बाबा, दादा, परदादा, पास-पड़ोस
और मठाधीशों के नाम जो गिनाएगा
बन रहेगा मझला उसी का मुर्गा।”
(पृ. 5)
संग्रह की कविताओं में कवि का जनवादी स्वर मुखरित हुआ है। वे इस कविता-संग्रह की ‘अपनी बात’ में यह स्वीकार करते हैं कि, “रचना चाहे किसी भी विधा में लिखी गई हो, यदि जनवादी (छद्म नहीं) है तो वह आम व खास पाठकों को एकाधिक बार पढ़ने के लिए जरूर बाध्य करेगी।” इस कथन के संदर्भ में मुझे लगता है कि एक ईमानदार रचनाकार में जनवादी गुण होना आवश्यक है। उनकी कविता ओ काया में यही जनवादी तथा प्रगतिवादी स्वर समाहित है, जिसमें पीड़ितों की सेवा करने और पीड़कों को राख कर देने का आह्वान किया गया है—
“माचिस बन
ओ काया
अंतस में धर आग की अनेक तीलियाँ
फिर एक-एक कर सुलग
पीड़क को राख कर
पीड़ित की सेवा।”
(पृ. 6)
कोई भी देश और वहाँ की जनता अभिन्न होते हैं। देश लोगों से बनता है और लोगों से ही देश बनता है। देश आगे बढ़ जाए और लोग पीछे रह जाएँ अथवा लोग आगे बढ़ जाएँ और देश पीछे रह जाए, तो यह विरोधाभासपूर्ण स्थिति विडंबनापूर्ण ही कही जाएगी। कवि इस विडंबना को देश और लोग कविता में इस प्रकार व्यक्त करते हैं—
“आज देश जरूरत से ज्यादा
आगे बढ़ गया है
हम बहुत ही पीछे छूट गए हैं
कैसा यह देश
कैसे हैं लोग
कुछ भी तो नहीं आता समझ में
आखिर तुम ही बताओ हम क्या करें
क्या न करें ताकि
हमेशा-हमेशा के लिए देश और लोगों में
बना रहे तालमेल।”
(पृ. 14-15)
कवि तथाकथित महापुरुषों को भी अपनी कविता के माध्यम से कड़े शब्दों में खबरदार करते हुए नजर आते हैं, जो अब तक जीवन और सृष्टि के बारे में घिसी-पिटी, रटी-रटाई बातें करते आ रहे हैं। जिनकी बातों में न तो नवीनता है और न ही वैज्ञानिकता। महापुरुषों खबरदार कविता की पंक्तियाँ दृष्टव्य हैं—
“महापुरुषों खबरदार
यहाँ बंद हो चुके हैं संभावनाओं के सब द्वार
अब देखना नहीं इधर कभी मुड़कर
महापुरुषों, बंद करो बकवास
जीवन-मर्म, सृष्टि-संरचना और
संचालन की वही बातें दोहराओगे
और कितनी बार
सुन-सुन हमारे कान पक गए हैं।”
(पृ. 16)
जीवन में मौन रहने का अपना महत्व हो सकता है, लेकिन जहाँ बोला जाना चाहिए, वहाँ भी मौन साधे बैठे रहना उचित नहीं है। अन्याय और अनीति को अपनी आँखों के सामने देखते हुए सुधीजनों का मौन रह जाना महाभारत जैसी त्रासदी का कारण बना था। आज देश भी अनेक प्रकार की विडंबनापूर्ण परिस्थितियों से गुजर रहा है। मगर बुद्धिजीवी और कलमकार सत्ता के पोषकों के खिलाफ लिखने और कुछ कहने से डर रहे हैं। मौन की भाषा कविता का अंश प्रस्तुत है—
“अनगिनत अबोले, अलिखित
शब्दों की मजबूत
तालाबंद पिटारी है मौन
चाबी है तो खोलो
वरना इसे तोड़ो।”
(पृ. 17)
संसार में फैली असमानता को देखकर कवि का मन क्षुब्ध हो जाता है। ऐसा क्यों है कि देश की समृद्धि और खुशहाली कुछ गिने-चुने लोगों के हिस्से में आती है? रोशनी पर चंद लोगों ने अधिकार जमा लिया है और बाकी सब अंधेरे में जीने के लिए अभिशप्त हैं। हमारा कसूर क्या है कविता में कवि सूरज से ही इसका उत्तर माँगता है—
“आना तो सूरज
सार्वजनिक इस सृष्टि-खंड पर
किसी दिन
भेष बदलकर
फिर बताना हमें कि
तुम जो भी बिखेरते हो सोन-किरणें
वह क्यों नहीं पहुँचती हम तक
हमारा कसूर क्या है।”
कवि का ईश्वर के अस्तित्व पर संदेह करना गैरवाजिब नहीं है। ईश्वर के नाम पर पाखंड हो रहा हो और तमाम गुणों से विभूषित ईश्वर का अता-पता न हो, ऐसे में एक संजीदा रचनाकार द्वारा ईश्वर के अस्तित्व पर संदेह करना स्वाभाविक ही है। ईश्वर कविता की पंक्तियाँ दृष्टव्य हैं—
“रहने को तो
धर्मग्रंथों,
संतों की वाणी,
बच्चों की किताब,
अनभिज्ञों के दिल-दिमाग,
मंदिर, मस्जिद,
गिरजाघर, गुरुद्वारे में हो,
नहीं हो तो बस आतताइयों के पास।
हे ईश्वर, देर से आने का
क्या फायदा।”
यूं तो जीने की चाहत हर प्राणी में होती है, मगर दूसरे के हित के लिए जीने की इच्छा रखना हर किसी के वश की बात नहीं है। इसके लिए विराट हृदय और उदार दृष्टिकोण की आवश्यकता होती है। आज उपभोक्तावादी संस्कृति के चंगुल में फँसा मनुष्य ‘परहित सरिस धरम नहिं भाई’ की भावना को भूलता जा रहा है। असंवेदनशील होते समाज और लोगों के लिए कवि की लालसा कविता बेहद प्रासंगिक है—
“पीपल का सूखा पत्ता मैं
मेरा हरापन लौट आता
किसी गर्भवती बकरी के मुँह में
समा जाने की
लालसा है बस।”
(पृ. 32-33)
पर्यावरण की चिंता आज वैश्विक चिंता बन गई है। विकास के लिए जरूरी शहरीकरण और औद्योगीकरण अब कई बार विनाश का कारण बनने लगे हैं। पर्यावरण के लिए सबसे जरूरी पेड़ काटे जा रहे हैं और जंगल सिमटते जा रहे हैं। ऐसे हालात में एक संजीदा कवि बचपन में पेड़ों के साथ बिताए पलों को याद करता है—
“कितने ही नामों से
पेड़ तुझे याद करें
तुमने ही जमीन से ऊपर उठाया
आसमान दिखाया।”
(पृ. 35)
बाजारवाद के इस दौर में लुटेरा और शिकारी जैसे शब्द बाजार के पर्यायवाची प्रतीत होने लगे हैं। कवि अपनी कविता लूटेरे के माध्यम से लोगों को मायावी बाजार के भ्रमजाल से बचने के लिए आगाह करता है—
“चाहते हो यदि
अपनी सलामती तो
चुपचाप निकल लो
इस बेरहम बाजार से
वरना फँस जाओगे
मक्खी जैसे मकड़जाल में।”
(पृ. 42)
कवि को अपने युगीन समय की बड़ी चिंता है। असंवेदनशील समय को देखकर कवि गहरी चिंता में डूब जाता है और वही चिंता उसकी कविताओं में प्रस्फुटित होती है। सोख्ता समय आकार में छोटी कविता है, मगर इसमें समय की गहरी चिंता समाहित है—
“लोग सच ही
कहते हैं
सोख्ता समय है
शनैः-शनैः
धरती के सत्व को
सोख रहा वही।”
कवि को हम हथियारबंद सिपाही कहें तो कविता उसका हथियार होती है। कवि अपनी कविता के माध्यम से लोगों की धारणाओं और विचारों को बदलने की क्षमता रखता है। करिश्मा कविता में कविता के इसी महत्व की ओर संकेत किया गया है—
“कवि ने
लिखी कविता
वह जादू की छड़ी बन गई
उस छड़ी ने
दिखाना शुरू किया करिश्मा
कवि ने
जैसा चाहा
संसार को बदल दिया।”
(पृ. 54)
इसी तरह चिंगारी की मानिंद कविताएँ शीर्षक कविता में कविता की अमरता को चित्रित करते हुए कवि लिखते हैं—
“दुनिया में
कुछ भी नहीं बचेगा
तब भी बची रहेंगी
राख के ढेर में
चिंगारी की मानिंद कविताएँ।”
कवि बाह्य आडंबर करने वाले तथाकथित धार्मिकों को अपनी कविता में जोरदार ढंग से लताड़ता है। शब्दों के माध्यम से आडंबर और पाखंड पर प्रहार करने की परंपरा लेखकों और कवियों की प्रमुख विशेषताओं में रही है। विवेक की कविता सबसे बड़ा विषधर में यह खूबी तीक्ष्णता के साथ दिखाई देती है—
“उसने जो हृष्ट-पुष्ट शरीर पर
रंग-बिरंगा झकास वस्त्र सजाया है
माथे पर चंदन-तिलक लगाया है
सफाचट या लंबे घने केशों वाला
दिन-रात चेले-चपाटियों से घिरा
सदा सिंहासन पर विराजमान
वही है देव का अवतार
बाकी सब दीन-हीन, सेवक बेकार
वही है जनाब धरती का
सबसे बड़ा विषधर।”
(पृ. 63)
अभिजात्य शोषक वर्ग के प्रति आक्रोश प्रकट करते समय कवि के शब्दों में भाषाई भदेसपन भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। विडंबनात्मक परिस्थितियों से उपजी अपनी भावनाओं को यथावत व्यक्त करने के लिए भाषाई भदेसपन से उन्हें जरा भी गुरेज नहीं है—
“उठते-बैठते
चलते-फिरते
जागते-सोते
दिन-रात
जोरदार हम
तुम पर
पादते हैं।”
(पृ. 69)
लोकतंत्र में यदि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता न हो तो उसे लोकतंत्र क्योंकर कहा जाए? सब कुछ देखते-सुनते हुए भी गूँगे-बहरे की तरह प्रतिक्रिया न कर पाना लोकतंत्र की पहचान नहीं हो सकती। परिस्थितिजन्य विवशता भले ही हो सकती है, पर सामयिक हालात के प्रति लोगों में आक्रोश भरा हुआ है। कवि अपनी कविता गूँगा बहरा आदमी में भाषाई भदेसपन के साथ इसी स्थिति की ओर संकेत करता है—
“चमकीली आँखों से वह
भाँप लेता है
हर मन की बात
मुस्कराकर
अपनी बेबसी बताता है
गूँगा बहरा आदमी
उसे कभी मत दिलाना गुस्सा
नहीं तो वह खंखारकर थूक देगा
तुम्हारे चेहरे पर।”
(पृ. 71-72)
कवि अपनी कविता अखबार के लोग में पत्रकारिता के महत्व को बड़ी संजीदगी के साथ व्यक्त करता है—
“अखबार के लोग
सृष्टि के पहरेदार हैं
अखबार के लोग
पानी, रोशनी और हवा हैं
उनकी पहुँच सब जगह है
अखबार के लोग
अपना पेट रोटी से नहीं
खबरों से भरते हैं।”
(पृ. 77-78)
अव्यवस्था और विसंगति के प्रति उनकी कविताओं में आक्रोश का भाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। अपनी कविता इक्कीसवीं सदी का गीत में वे अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार लोगों को सबक सिखाने की बात करते हैं। पंक्तियाँ दृष्टव्य हैं—
“बहुत सहे, अब हम न सहेंगे
मर-मर के अब हम न जिएँगे
बदहाल किया है जिसने हमें
उसको हम सबक सिखाएँगे
कभी न धरती दरक सकेगी
कभी न टूटेगा आकाश।”
(पृ. 93)
इसी तरह क्रांति गीत कविता में समाजवाद का समर्थन करते हुए कवि बदलाव के लिए शोषकों को तोड़ने और पीड़ितों को एकजुट करने का आह्वान करता है—
“क्रांति गीत गाते
लहराते ध्वज लाल
तोड़ते चले, जोड़ते चले।”
और आगे—
“आएगा समाजवाद
भरसक प्रयास करें
लुटते चलें, बाँटते चलें
कदम-कदम....”
(पृ. 96-97)
कविता-संग्रह की अंतिम कविता खट्टा-मीठा बचपन में कवि अपने बचपन की यादों को शब्दों में समेटने का प्रयास करता है। किसी साहित्यकार के पास ही यह विशिष्ट कौशल होता है कि वह अपनी रचना-विधा में अपनी बीती यादों को शब्दबद्ध कर उन्हें बार-बार जी लेने का अवसर बना ले। कवि की इस कविता के माध्यम से हम उसके बचपन के खेलों और क्रियाकलापों से रूबरू होते हैं—
“तब उसी के संग हम खेला करते
घानीमुनि, तियो, टीप, चूड़ी लुकौला,
आँख-मुंदौला, नदी-पहाड़, भुनुन, कौन सारंग,
चाल गोटी, तिरी चौक, कुकुर-बिलई,
अंधियारी-अंजोरी, घोर-घोर रानी, चिंगरी,
बरबट्टी, फुम्मे फू..”
इस तरह हम देखते हैं कि कवि के भाव-पक्ष में उसका पूरा परिवेश समाहित है। इसमें उसकी रोजमर्रा की जिंदगी है, घर है, परिवार है, समाज है, तमाम समस्याएँ हैं, देशभक्ति और थोथे राष्ट्रवाद पर सवाल हैं तथा नदी-पहाड़ के साथ जुड़ी खूबसूरत प्रकृति भी है। उनके कहन में सादगी है और कहीं भी बनावट नहीं है। उनकी कविताओं में परिस्थितिजन्य करुणा है, विभत्सता है और विस्मय भी है। कविता की भाषा बेहद सहज, सरल और आम बोलचाल की है। सादृश्य-विधान के अंतर्गत उपमा अलंकार का प्रयोग अनायास और स्वाभाविक रूप से हुआ है। कविताओं में दृश्य और श्रव्य बिंबों का पर्याप्त प्रयोग हुआ है। उनकी अधिकांश कविताएँ लोकभावना और जनसरोकार पर केंद्रित हैं, इसलिए पाठक उनकी कविताओं से बड़ी सरलता और सहजतापूर्वक जुड़ सकते हैं। यही शोकातुर लोग की सबसे बड़ी विशेषता है कि इसमें कवि अपने समय और समाज से विमुख होकर कविता नहीं रचता, बल्कि अपने आसपास के जीवन, लोक, श्रम, संघर्ष, प्रकृति, राजनीति, व्यवस्था और मनुष्य की पीड़ा को अपनी रचनात्मक संवेदना का आधार बनाता है। लगभग चार-पैंतालीस वर्षों के जीवनानुभवों से निकली ये कविताएँ अपने समय की बेचैनी, जनजीवन की पीड़ा और परिवर्तन की आकांक्षा को स्वर देती हैं। इस अर्थ में शोकातुर लोग केवल शोक की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि शोक से प्रतिरोध और प्रतिरोध से बेहतर समाज की तलाश की कविताएँ भी हैं।
नरेंद्र कुमार कुलमित्र
कवर्धा, छत्तीसगढ़
मो. 9755852479

नहीं लिख पाता

नहीं लिख पाता मैं—
अपनी खुशियों को खुशियों की तरह,
ना उदासियों को उदासियों की तरह।
​ना विवशताओं को विवशताओं की तरह,
ना प्रेम को प्रेम, ना घृणा को घृणा की तरह।
कभी नहीं उकेर पाता
अपनी पीड़ा को पीड़ा की तरह।
​खुद को कभी
पूरा का पूरा व्यक्त नहीं कर पाता,
कागज़ पर लिखे तमाम शब्द
बेबस से नज़र आते हैं...
​और आखिरकार,
मैं एक लाचार सा अव्यक्त रह जाता हूँ!

- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र 
 19.01.23