Thursday, 20 August 2026

मुश्किल होता है -20.09.23

मुश्किल होता है -20.09.23
------------------------------------
सचमुच कितना मुश्किल होता है
किसी बात के लिए सोचना
और बार-बार सोचे जाने के बाद भी
अपने जीवन में अक्षरशः न उतर पाना

मुश्किल होता है असहनीय बातों
और दृश्यों के लिए
जिसे आप कतई देखना और सुनना नहीं चाहते
अपने भीतर सहन करने की क्षमता पैदा करना

मुश्किल होता है
अनचाहे बातों के लिए मन को मनाना
और सब्र के लिए उसे समझाना

मुश्किल होता है
दुखों के टीले पर चढ़कर
चेहरे पर जबरदस्ती मुस्कान बिखेरकर किसी से मिलना

कितना मुश्किल होता है
दिल के दुखी होने के बावजूद
किसी से यह कहने की क्षमता पैदा करना 
कि मैं बिल्कुल ठीक हूं सब कुछ नॉर्मल है

सबसे मुश्किल होता है
अपने जज़्बातों को काबू करना
अपने तकलीफ़ को शब्दों से न कह पाना
और किसी की खुशी के लिए
अपने कलेजे पर पत्थर रख लेना...

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र

No comments:

Post a Comment