Thursday, 9 September 2021

प्रेम और युद्ध -- 10.09.21

प्रेम और युद्ध -- 10.09.21

------------------------------------------------------

प्रेम और युद्ध में अद्भुत समानता है


दोनों के होने के लिए मुहूर्त  की ज़रूरत नहीं होती


दोनों विजय की कामना से लड़े जाते हैं

मगर परिणाम की विशेष चिंता नहीं होती


दोनों में केवल खोना पड़ता है

बचता कुछ भी नहीं


दोनों ही याद किए जाते हैं

प्रेम सुगंध की तरह

युद्ध बुरे सपने की तरह


सबसे बड़ी बात

प्रेम और युद्ध 

कभी ख़त्म नहीं होते


प्रेम और युद्ध में गहरी असमानता भी है


अहम की संतुष्टि के लिए युद्ध होता है

जबकि अहम के मिट जाने से प्रेम होता है


प्रेम के लिए युद्ध करना महानता है

मगर युद्ध से प्रेम करना महा विनाशक है


प्रेम सदा सराहे जाते हैं

युद्ध की सदा भर्त्सना की जाती है


प्रेम में युद्ध और युद्ध में प्रेम नहीं होता


प्रेम,युद्ध है

मगर युद्ध केवल युद्ध है।


--- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र

     9755852479

Sunday, 5 September 2021

समय को लिखना - 06.09.21

समय को लिखना - 06.09.21
-------------------------------------
अपने लिए 
किसी समय का 
इंतजार किए बिना
बस अपने समय को 
लिखते जाना

तुम्हारे लिखे में ही
बोलेगा तुम्हारा समय

समय को इतना लिखना
कि एक दिन
खुद, तुम्हें लिखेगा समय ।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र 
   9755852479

Friday, 3 September 2021

ऐतिहासिक इमारतों को देखने के बाद -04.09.21

ऐतिहासिक इमारतों को देखने के बाद -04.09.21
-------------------------------------------------------
जब जब ऐतिहासिक इमारतों को देखता हूं
अनगिनत सवाल और अनगिनत खयाल
उमड़ने लगते हैं मेरे भीतर

जैसे जैसे उसकी पुरानी सीढ़ियों से नीचे उतरते जाता हूं
वही सीढियां धीरे धीरे मुझमें उतरने लगती हैं

ईमारत की मजबूत गहरी नींव
उतनी ही सख्ती से जमने लगती है
मेरे हृदय तल की गहराई तक 

ईमारत पर उत्कीर्ण कलाकृतियां
उत्कीर्ण होने लगती हैं हुबहू
मेरे मानस पटल पर

उसके प्राचीरों स्तंभों गुंबदों और कलशों की भव्यता देख
अव्यक्त लालित्य भाव से भर जाता है मेरा मन 

पर कुछ टूटने सा लगता है मेरे भीतर 
जब देखता हूं 
ईमारत के भग्नावशेषों को
फिर भी जितना प्रविष्ट होता हूं उसके भीतर
वह उतना ही प्रविष्ट होते जाता है मेरे भीतर

उससे बाहर आने को जी नहीं चाहता
पर बाहर आने के बाद भी
वह रह जाता है मेरे भीतर..।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र 
     9755852479

Tuesday, 24 August 2021

कविता का आना - 25.08.21

कविता का आना - 25.08.21
-----------------------------------------------
कविता है कि फुर्सत के पल में आती नहीं
जब- जब किसी कामों में रहता हूं एकदम व्यस्त
जब - जब होता हूं दुखी या एकदम बेचैन
या फिर किसी पार्टी में मस्ती में डूबा हुआ
खुशी से नाच रहा होता हूं
या किसी अनिवार्य दैनिक क्रियाओं में लगा होता हूं
मसलन नहाते हुए खाते हुए
रास्ते में कहीं जाते हुए गाड़ी चलाते हुए
या फिर गहरी रात में नींद के बीच
अचानक आ धमकती है कविता

कविता का आना भी गज़ब है
वह कभी मेरी सहूलियतों में नहीं आती
जब आराम से बैठा होता हूं एकदम खाली

सहूलियतों में लिखी गईं सारी बातें
केवल शाब्दिक ताने बाने लगती है
वो कुछ और भले हो जाए
पर कविता हरगीज नहीं होती

हां ये अजीब तो है 
कि अक्सर बेचैनियों में ही आती है कविता
और हम हैं कि 
कविता लिखने के लिए वक्त ढूंढते रहते हैं
सोचते रहते हैं कि 
 कोई फुर्सत का पल मिले और कविता लिख लें।

-- नरेंद्र कुमार कुलमित्र
    9755852479

Thursday, 19 August 2021

चुनौती- 23.07.21

चुनौती- 23.07.21
-----------------------------------
आप नहीं जानते
कि आपको कौन-कौन देख रहा है ?
आपको कौन-कौन सुन रहा है ?

ऐसे में
बिना देखे
अनदेखा करना
और
बिना सुने
अनसुना करना

आपके लिए सबसे बडी चुनौती है।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
   9755852479

लोकतंत्र कायम है ! 30.07.21

लोकतंत्र कायम है !  30.07.21
----------------------------------------
आप निश्चिंत रहिए
अब औपनिवेशिक  ताक़त ख़त्म हो चुकी है
आप पर कोई बाहरी हमला नहीं होगा

आप गरीबी बेकारी भूख और महंगाई की मार से
सुरक्षित मारे जावोगे

अब देश में लोकतंत्र क़ायम है।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
    9755852479

दानिश सिद्दीकी - 17.07.21

(भारतीय पत्रकार एवं फ़ोटो जर्नलिस्ट दानिश सिद्दीकी की हत्या के बाद )

दानिश सिद्दीकी - 17.07.21
--------------------------------------------------
दानिश तुम एक सच्चे पत्रकार थे
तुम उत्तम पत्रकारिता के लिए
बेपरवाह होकर अपनी जान जोख़िम में डालते रहे

तुमने अपनी मेहनत और जुनून से
ख़ूब नाम कमाया शोहरत हासिल की

तुमने अपने काम से
केवल पुलित्जर ही नहीं जीता
करोड़ों भारतीय दिलों को भी जीत लिया

अंतिम साँस तक अपने काम में डटे हुए
आखिरकार तुम अपने प्राण त्याग दिए

पत्रकारों को ही नहीं 
अनगिनत तुम्हारे चाहने वालों को भी फ़क्र है
तुम्हारे जज़्बे और जुनून पर

तालिबानी आतंक को कैमरे में कैद करते हुए
ख़ुद हमेशा के लिए कैमरे में कैद हो गए

अपने हाथों पर कैमरा थामे हुए
खतरनाक मोर्चों पर खुद को डालकर
कभी रोहङ्ग्या मुसलमानों का सच
कभी मोसुल की जंग कभी नेपाल का भूकंप
कभी दिल्ली के दंगे तो कभी कोरोना का कहर
बेख़ौफ़ होकर अपने कैमरे में सहेजते रहे

सारी दुनियाँ के सामने
पर्दे के पीछे का सच लाते रहे

सचमुच तुम्हारी खींची तस्वीरों में
ख़बरें बोलती थीं

पत्रकारिता ही तुम्हारा मज़हब था
तुम अपने मज़हब के लिए कुर्बान हो गए

तुम खबरों को कैप्चर करते करते
ख़ुद एक ख़बर बन गए

सच्चे लेंस वारियर तुम्हें सलाम
सचमुच बड़ा दुःखद है
ख़बरों की दुनियाँ से 
तुम्हारे चले जाने का यह ख़बर।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
    9755852479