Monday, 17 August 2020

तुममें कुछ तो बात रही होगी राहत !

तुममें कुछ तो बात रही होगी राहत ! 18.08.2020
---------------------------------------------/
वह जो चला गया
मेरी नज़रों में  एक शायर ही तो था
उनकी शायरी,गज़लें और नज़्में
अनायास उतर जाता था
मेरे मन के भीतरी छोर तक

उसने कभी ग़द्दारी नहीं की
उसने कभी किसी की अस्मत नहीं लूटी
वह हत्यारा भी तो नहीं था

उसने जो भी देखा-महसूसा
बस लफ़्ज़ों में पिरोता रहा

मैंने उस अज़ीम शायर के इंतकाल पर
चंद शब्दों से
बस श्रद्धांजलि ही तो दी थी

उनके प्रति प्रगट मेरे भावभीनी शब्द
कुछ लोगों को जाने क्यूँ
चुभने लगे थे शूल की तरह
मेरी भावनाओं में राष्ट्रद्रोह की गंध-सी
आने लगी थी उन्हें
उन्हें मेरे शब्दों के अर्थ
धर्म,जाति और राष्ट्र के ख़िलाफ़ लगने लगे

मुझे ग़लत साबित करने के लिए
वे गढ़ने लगे थे कई-कई तर्क
मुझे गुनाहगार मान
लिखने लगे थे धिक्कार भरे शब्द
कुछ तो लामबंद होकर ट्रोलिंग करने पर हो गए थे आमादा

मेरे देश के 'दर्शन' में
पाप-पुण्य से परे होती है आत्मा
कहते हैं प्राण निकल जाने के बाद
निर्दोष हो जाता है मृत शरीर
फिर
राग-द्वेष से परे निर्दोष,पवित्र
मृतात्मा की श्रद्धांजलि पर
इतना चिल्लम चों आखिर क्यों..?

राहत तुम इस दुनियाँ से तो चले गए
पर जाते-जाते तुमने
अपने पसंद करने वालों
और
नापसंद करने वालों को आहत कर गए

तुममें कुछ तो बात रही होगी राहत !

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
    9755852479

Saturday, 8 August 2020

आस्तिक और नास्तिक

आस्तिक और नास्तिक - 6.08.2020
------------------------------------------/
नदी मझधार में
बहते जा रहा था एक आदमी
लगभग डूबते हुए
बड़ी मुश्किल से
चिल्ला पाया था एक बार-'बचाओ'

नदी किनारे 
एक सच्चा आस्तिक
जिसे था अपने ईश्वर पर अटूट विश्वास
डूबते हुए आदमी के लिए
हाथ जोड़कर-आँख बंदकर
पारंपरिक प्रार्थना की मुद्रा में
निवेदन करते हुए कहा--
"हे सर्वज्ञाता,सर्वशक्तिमान
सर्वदृष्टा, सर्व विराजमान 
हे कृपालु ईश्वर !
इस असहाय डूबते हुए
आदमी की रक्षा करें।"

नदी के दूसरे किनारे पर
खड़ा था एक नास्तिक
जिन्हें ख़ुद पर था भरोसा
जीवन मूल्यों पर था अटूट विश्वास 
कर्मकांड नहीं करता था
पर था कर्मनिष्ठ

जो आस्तिकों द्वारा हमेशा
हिक़ारत भरी नज़रों से देखा जाता था
जो शंकास्पद और उपेक्षित नज़रों से था घायल

हाँ वही बिलकुल वही
डूबते आदमी को देखते ही
नदी में लगा दिया था छलांग

खींचते मझधार से
ले आया नदी किनारे
बचा ली थी उसकी जान

बेहोश आदमी के इर्दगिर्द
आस्तिकों की लग गई थी भींड़
कहे जा रहे थे सभी--
ईश्वर सबके लिए है
ईश्वर कृपालु है
देखो ! ईश्वर ने 
डूबते हुए आदमी की जान बचा ली है

होश आने पर
उसी समय
डूबते हुए आदमी ने
उस नास्तिक को
बड़े कृतज्ञ होते हुए कहा --
"भैया बहुत-बहुत धन्यवाद
आप ही मेरे भगवान हो।"

पता नहीं क्यों..?
क्या हुआ..? 
पर...
नाँक-मुँह सिकोड़ने लगे थे सभी आस्तिक-जन।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
    9755852479

वह अनपढ़ लड़की

वह अनपढ़ लड़की - 30.07.20
-------------------------------------------/
गाँव के बाज़ार में
गाँव की एक अनपढ़ लड़की
मनिहारी के दुकान से
माँगती है एक चुक्क लाल फीता

लड़की को लाल फीता
दिखाते हुए
कहता है मनिहारी--
ये लो डेढ़ का है एक

लड़की फीता देखते हुए
कहती है--
''हाय कितना मंहगा है यह फीता
देना है तो बताओ
डेढ़ में नहीं ढाई में लूँगी।"

मनिहार बड़ा बेमन-सा
कहता है--
ठीक है ला ढाई ही दे दे

अनपढ़ लड़की
दो रुपए आठ आने देकर
चली जाती है खुशी-खुशी

फीता खरीदने के उमंग में
उछलती-कूदती
उसके चेहरे पर चमक ऐसी कि
मनिहार को ठग के जा रही हो जैसे

मुझे आज तक नहीं पता कि
डेढ़ रुपए का मतलब
आखिर कितना समझती थी
वह अनपढ़ लड़की।

--- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
     9755852479

कहाँ है विकास!

कहाँ है विकास..? 29.07.2020
------------------------------------------/
उनके हिस्से की
धरती
आकाश
जंगल 
हवा
पानी
विकास के शर्त पर ले लिए गए

उनके हिस्से में अब
न धरती है न आकाश
न जंगल न हवा-पानी

शर्त के मुताबिक़
आप पूछेंगे
कहाँ है विकास..?

मैं इतना ही कहूँगा--
कहीं दिखे तो बता देना।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
    9755852479

सुनियोजित भाग्य

सुनियोजित भाग्य -29.07.2020
------------------------------------------/
उनके भाग्य में
दाने-दाने पर लिखा होता है 
खाने वालों का नाम

इनके भाग्य में
हरेक गोली पर लिखा होता है
खाने वालों का नाम

आपके भाग्य में
अनाज के दाने हों
या बंदूक की गोली
मिलेगा वही--
जो 
'सुनियोजित भाग्य' में लिखा जाएगा।

-- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
     9755852479

Monday, 27 July 2020

अच्छा हुआ भाई तुम चले गए

अच्छा हुआ भाई तुम चले गए -28-07.2020
(कैंसर से पीड़ित भाई के मरने पर याद में)
---------------------------------------------/
भाई अच्छा हुआ कि
तुम जिंदगी छोड़कर चले गए
काल के प्रतिरूप
भयंकर घाव से पीड़ित
प्रतिपल असह्य वेदना सहते हुए
आखिर कब तक जिंदगी को साथ देते

तुमने जी भर जिया
अपने अंतिम साँस तक लड़ा भी
तुम हारे नहीं
तुम्हारे लिए तड़पाती जिंदगी से
शायद मौत बेहतर थी

तुम जिंदगी के दुख-दर्द
और उस बैरी घाव की पीड़ा से मुक्त
गहरी नींद में डूबे हुए से
एकदम निश्चिंत लग रहे थे
तुम्हारा मृत शरीर
कितना शांत-निश्चल था

अच्छा हुआ भाई तुम चले गए
सचमुच यह जिंदगी
अब तुम्हारे लायक नही थी

भाई तुम चले गए
पर तुम्हारी यादें नहीं जाती
तुम्हारे साथ बिताए 
जिंदगी के हसीन पल
और
दुनियाँ से रुख़सत होते हुए
जिंदगी को कोसती हुई सी
तुम्हारी दर्द से भरी वो कराहें
मेरी ज़ेहन से दूर नहीं जाती।

--- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
      9755852479

Saturday, 25 July 2020

बेमेल थे तुम्हारे जवाब

बेमेल थे तुम्हारे जवाब.. 25.07.2020
--------------------------------------/
निकले थे काम पर परदेश
वहाँ न तो था घर तुम्हारा
न ही थे कोई अपने लोग
असमंजस के भँवर में फंसे हुए
तुम दिशाहीन बेचैन होकर
पैदल चले आ रहे थे
अपने घर की ओर

तुम्हें रास्ते में ही
घर जाने के जुर्म में
कर लिया गया था गिरफ़्तार 

तुम बेतहाशा
भूख के मारे
तड़प रहे थे

प्यास के मारे
चटक गई थी तुम्हारी ज़बान

तुम्हें छोड़े जाने 
के एवज़ में
पूछे जा रहे थे तुमसे
सवाल दर सवाल
जिनका तुम्हें देना था
माक़ूल जवाब

उसने पूछा
तुम्हारी जात क्या है..?
तुमने हाँफते हुए कहा था
रो.s..टी...

उसने पूछा
तुम्हारा धरम क्या है..?
तुमने कराहते हुए कहा था
रो.s..टी...

उसने पूछा
कहाँ से आ रहे हो..?
तुमने घुटते हुए दम से कहा था
रो.s.. टी...

उसने पूछा
तुम कहाँ जावोगे ..?
तुमने सांस फेंकते हुए कहा था
रो.s.. टी...

तुमने उखड़ती हुई 
सांसों के साथ
हर सवालों के जवाब में
कहा था---
रोटी..रोटी..रोटी..रोटी..रोटी..

आख़िरकार तुम
बचाए नहीं जा सके
क्योंकि-
उनके रिकार्ड से 
बिलकुल बेमेल थे
तुम्हारे सारे जवाब।

--- नरेन्द्र कुमार कुलमित्र
     9755852479